खाद्य अधिकारी द्वारा होटल, बेकरी एवं दूध डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं जांच

 खाद्य अधिकारी द्वारा होटल, बेकरी एवं दूध डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं जांच




जिला रायगढ़। अभिहित अधिकारी सुधा चौधरी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नेमीचंद पटेल व नमूना सहायक सुमन अग्रवाल द्वारा विभिन्न होटल, बेकरी एवं दूध डेयरी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं जांच किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों में खाद्य सामग्री के रख-रखाव एवं साफ-सफाई की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया गया।

सैंपलिंग भी किया गया

निरीक्षण के दौरान कुछ परिसरों में अस्वच्छता, खाद्य सामग्री के अपशिष्ट तथा विभिन्न प्रकार के कचरे का जमाव पाया गया। खाद्य सामग्री एवं पैकेजिंग से संबंधित सामग्री भी व्यवस्थित एवं स्वच्छ तरीके से रखी हुई नहीं पाई गई।


इसके अलावा परिसर की फर्श एवं आसपास के स्थानों पर गंदगी एवं खाद्य अवशेष जमा पाए गए। कुछ खाद्य सामग्री खुले एवं असुरक्षित तरीके से रखी हुई मिली, जिससे खाद्य पदार्थों के दूषित होने की संभावना बनी हुई थी। खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा के निर्धारित मानकों का पालन किया जाना आवश्यक है।


खाद्य अधिकारी द्वारा प्रतिष्ठान संचालकों को तत्काल परिसर की संपूर्ण साफ-सफाई कराने, खाद्य अपशिष्ट एवं कचरे का उचित निपटान करने तथा खाद्य सामग्री को ढककर एवं स्वच्छ स्थान पर सुरक्षित तरीके से रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही खाद्य पदार्थों के रख-रखाव, स्वच्छता एवं व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की समझाइश दी गई।


संचालकों को निर्देशित किया गया कि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो तथा खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी सभी निर्धारित नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को निर्धारित समयावधि में दूर करने के निर्देश दिए गए। आगामी निरीक्षण में पुनः अनियमितता अथवा अस्वच्छता पाए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments