पिहरीद स्कूल की बिगड़ी व्यवस्था पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश,प्रभारी प्राचार्य को हटाने की मांग, कलेक्टर से शिकायत कर विद्यार्थियों के भविष्य को बचाने की लगाई गुहार
सक्ती/मालखरौदा। शहीद दीपक भारद्वाज शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिहरीद की शिक्षा व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में नाराजगी सामने आई है। ग्रामीणों ने विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य श्री कौशल प्रसाद चंद्रा की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन्हें तत्काल प्रभार से मुक्त करने एवं आवश्यकता होने पर स्थानांतरण की मांग की है।
कलेक्टर सक्ती को सौंपे गए शिकायत पत्र में आरोप लगाया गया है कि प्रभारी प्राचार्य विद्यालय में नियमित रूप से समय पर उपस्थित नहीं होते तथा शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि नए प्रवेश, ओपन एवं पूरक विद्यार्थियों के टीसी, विद्यार्थियों के साथ व्यवहार, प्रायोगिक परीक्षा के अंकों तथा बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर भी कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं।
शिकायत में जनभागीदारी शिक्षक भर्ती की सूचना जारी नहीं करने और समिति की अनुमति/प्रस्ताव के बिना राशि आहरण किए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। वहीं शासकीय एवं जनभागीदारी शुल्क की रसीद नहीं दिए जाने का आरोप भी शिकायतकर्ताओं ने लगाया है।
ग्रामीणों ने विद्यालय भवन एवं परिसर के रखरखाव में कथित लापरवाही तथा स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस सहित अन्य कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आमंत्रित नहीं किए जाने को लेकर भी नाराजगी जताई है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पिहरीद में शिक्षा का स्तर लगातार प्रभावित हो रहा है और इसका सीधा असर विद्यार्थियों के भविष्य पर पड़ सकता है। उन्होंने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोष पाए जाने पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल—शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कब होगी?
क्या शिक्षा विभाग प्रभारी प्राचार्य की कार्यप्रणाली की जांच कर विद्यार्थियों के हित में ठोस कदम उठाएगा?

0 Comments