डभरा में मानवता की मिसाल: 100 से अधिक लोगों की निःशुल्क नेत्र जांच
डभरा। नगर पंचायत डभरा में सोमवार, 17 अगस्त को जिला पंचायत उपाध्यक्ष कमल किशोर पटेल के द्वारा विशाल निःशुल्क नेत्र रोग एवं मोतियाबिंद जांच एवं निदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर शासकीय अस्पताल के बगल में सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित हुआ। शिविर में विशेष सहयोग एम.जी.एम.आई. इंस्टीट्यूट, रायपुर का रहा।
शिविर में डभरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष पहुंचे और पंजीयन कराकर अपनी आंखों की निःशुल्क जांच कराई। आधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की आंखों की जांच की गई। जांच के दौरान आवश्यकता अनुसार मरीजों को निःशुल्क चश्मे भी वितरित किए गए।
शिविर में दूर-दराज से पहुंचे मरीजों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की गई थी। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए मोतियाबिंद का निःशुल्क ऑपरेशन कराने की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान 100 से अधिक लोगों की नेत्र जांच की गई। इनमें 26 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए रायपुर ले जाया गया, जबकि 73 लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
ऑपरेशन के लिए चयनित मरीजों के आने-जाने, रहने और भोजन की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। साथ ही मरीजों को शिविर स्थल से ही ऑपरेशन के लिए रायपुर ले जाने की व्यवस्था की गई। इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर नेत्र उपचार की सुविधा मिल सकी।






0 Comments