सिंचित कृषि भूमि पर उद्योग स्थापना का विरोध, तहसीलदार ने मांगी मौका जांच रिपोर्ट
तहसीलदार कार्यालय अड़भार द्वारा ग्राम फगुरम की सिंचित कृषि भूमि पर प्रस्तावित उद्योग स्थापना को लेकर उठे विवाद में मौका जांच के निर्देश जारी किए गए हैं। ग्रामीणों द्वारा कलेक्टर एवं प्रशासन को सौंपे गए आवेदन के बाद तहसीलदार ने हल्का पटवारी को जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार ग्राम फगुरम, तहसील अड़भार, जिला सक्ती स्थित खसरा नंबर 824/2 की भूमि पूरी तरह सिंचित कृषि भूमि है, जहां वर्षों से धान की खेती की जाती रही है। आरोप है कि उक्त भूमि पर उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, जिससे आसपास की कृषि व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में बताया कि प्रस्तावित उद्योग स्थल के आसपास बड़ी संख्या में किसानों की खेती योग्य भूमि स्थित है तथा पास में शासकीय नहर भी मौजूद है। उनका कहना है कि यदि यहां उद्योग स्थापित किया गया तो सिंचित कृषि भूमि और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिससे किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार अड़भार ने हल्का पटवारी क्रमांक 15 को निर्देश जारी कर मौके की जांच कर पंचनामा सहित विस्तृत प्रतिवेदन 20 मई 2026 तक प्रस्तुत करने को कहा है। प्रशासन द्वारा जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
ग्रामीणों एवं पंचायत प्रतिनिधियों ने मांग की है कि जांच पूरी होने तक उद्योग स्थापना की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए तथा किसानों के हितों को प्राथमिकता दी जाए। इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।



0 Comments