*एमसीएच अस्पताल सक्ती एवं पीएचसी सकर्रा का सघन निरीक्षण, स्वच्छता, प्रसूति सेवाओं व हीट स्ट्रोक तैयारी पर दिए गए सख्त निर्देश*
सक्ती, 17 अप्रैल 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन मे मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूजा अग्रवाल के नेतृत्व में एमसीएच अस्पताल, सक्ती एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सकर्रा का सघन एवं व्यापक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान एमसीएच अस्पताल, सक्ती मे ओपीडी, प्रसव कक्ष, एनआरसी, लैब, टीकाकरण शाखा एवं विभिन्न वार्डों का गहन अवलोकन किया गया। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए गए। साथ ही जालों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। आगामी जनगणना एवं सुशासन तिहार को ध्यान में रखते हुए मेडिकल बोर्ड को अनावश्यक अवकाश न देने के सख्त निर्देश दिए गए। एनआरसी में खानपान, बेड एवं अन्य सुविधाओं की समीक्षा कर गुणवत्ता सुधार पर जोर दिया गया। ओपीडी में मरीजों के आभा आईडी जनरेशन एवं सेवाओं की निरंतरता बनाए रखने तथा नेक्स्टजेन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए। दवा वितरण कक्ष में दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा कमी होने पर इंडेंट करने के निर्देश दिए गए। प्रसव कक्ष में बिना चिकित्सकीय परामर्श के रेफरल मामलों पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्य किया गया। एचआरपी मामलों की पहचान, ट्रैकिंग एवं परिणाम आधारित मॉनिटरिंग करने को कहा गया। मेडिकल बोर्ड के दौरान सभी चिकित्सकों को अपने कक्ष में उपलब्ध रहने एवं मरीजों को वहीं सेवा देने के निर्देश दिए गए। मरीजों को उचित आहार, दवा एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। टीकाकरण शाखा एवं चिकित्सक कक्ष में कूलर व वाटर कूलर जैसी आवश्यक संसाधनों की कमी को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए। लैब में आवश्यक जांच किट की जानकारी लेते हुए विडाल टेस्ट सहित मौसमी बीमारियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। इसके साथ ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सकर्रा का निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई की स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा स्टाफ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया। सभी रजिस्टर एवं सूचना बोर्ड को अद्यतन रखने तथा मरीजों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। प्रसूति सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए एलएचवी को संस्थागत प्रसव सेवाओं में सक्रिय भूमिका निभाने एवं अधिक से अधिक प्रसव सुनिश्चित करने को कहा गया। क्षेत्र में संस्थागत प्रसव एवं पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु ग्राम स्तर पर जनप्रतिनिधियों, विशेषकर सरपंच के साथ बैठक आयोजित करने पर बल दिया गया, ताकि समुदाय की सहभागिता बनी रहे। बढ़ती गर्मी को देखते हुए हीट स्ट्रोक से बचाव एवं उपचार के लिए आवश्यक तैयारी रखने के निर्देश दिए गए। ओआरएस, आवश्यक दवाइयों एवं पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही समुदाय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा लक्षण दिखने पर तत्काल उपचार सुनिश्चित करने को कहा गया। इस दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




0 Comments