*खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति को लेकर किसानों की हुंकार, भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन*

 *खाद-बीज की निर्बाध आपूर्ति को लेकर किसानों की हुंकार, भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन*




छत्तीसगढ़ प्रदेश में किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। खरीफ सीजन की तैयारी के बीच किसानों को खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु संघ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम मालखरौदा तहसीलदार एवं अड़भार तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं से अवगत कराया।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान समय में किसान खरीफ फसल की तैयारी में जुटे हुए हैं, लेकिन खाद एवं बीज की कमी की स्थिति निर्मित होने लगी है। यदि समय रहते पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई तो किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। भारतीय किसान संघ ने मांग की कि किसानों को डीएपी, यूरिया एवं अन्य आवश्यक खाद समय पर उपलब्ध कराया जाए तथा प्रमाणित एवं गुणवत्तायुक्त बीज की संपूर्ण एवं निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।



संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि हर वर्ष किसानों को खाद के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है, वहीं कई स्थानों पर कालाबाजारी एवं अधिक कीमत वसूली की शिकायतें भी सामने आती हैं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। किसानों ने मांग की कि सहकारी समितियों एवं सेवा केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराया जाए तथा वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाया जाए।



ज्ञापन सौंपते समय संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं और किसानों की मूलभूत जरूरतों की पूर्ति करना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। यदि समय पर खाद एवं बीज उपलब्ध नहीं होगा तो खेती कार्य प्रभावित होगा और उत्पादन पर भी असर पड़ेगा।

भारतीय किसान संघ ने मुख्यमंत्री से मांग की कि प्रदेश के सभी जिलों में प्रशासन को आवश्यक निर्देश जारी कर खाद एवं बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान बड़ी संख्या में किसान एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे। किसानों ने शासन से जल्द सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई है, जिससे आगामी खरीफ सीजन सुचारु रूप से संपन्न हो सके और किसानों को राहत मिल सके।

Post a Comment

0 Comments