*गोरखापाली में दो पक्षों के विवाद में घायल कोटवार की इलाज के दौरान मौत, क्षेत्र में शोक और आक्रोश*
सक्ती- ब्लॉक मालखरौदा ग्राम पंचायत गोरखापाली में हाल ही में दो पक्षों के बीच हुए आपसी विवाद और मारपीट की घटना ने एक दुखद मोड़ ले लिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए ग्राम के कोटवार की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोरखापाली में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में कोटवार को भी गंभीर चोट आईं थी। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
डॉक्टरों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका और अंततः इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। कोटवार की मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया। ग्रामीणों ने इस घटना को बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। ग्रामीणों का कहना है कि कोटवार हमेशा गांव की व्यवस्था बनाए रखने और लोगों के बीच शांति स्थापित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से गांव को अपूरणीय क्षति हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा संबंधित आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।ग्रामवासियों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि इस प्रकार की घटनाओं से समाज में भय और असुरक्षा का माहौल बनता है, इसलिए दोषियों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।
कोटवार की मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।गांव के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करने की कामना की है।

0 Comments