छत्तीसगढ़ में रसोई गैस की किल्लत—जनता त्रस्त, सरकार मौन: ईश्वर साहू जिला अध्यक्ष AAP सक्ती

छत्तीसगढ़ में रसोई गैस की किल्लत—जनता त्रस्त, सरकार मौन: ईश्वर साहू जिला अध्यक्ष AAP सक्ती 


छत्तीसगढ़ में रसोई गैस (एलपीजी) एवं कमर्शियल गैस की लगातार हो रही अनियमित और अपर्याप्त आपूर्ति ने आम जनता का जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। यह स्थिति केंद्र सरकार की गलत नीतियों और लापरवाही का सीधा परिणाम है

लोकसभा उपाध्यक्ष जांजगीर-चांपा टिकेश्वर चंद्रा ने कड़ा बयान देते हुए कहा कि आज हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आम नागरिकों को समय पर गैस सिलेंडर तक नसीब नहीं हो रहा। रसोई ठंडी पड़ी है, परिवार परेशान हैं और सरकार चुप्पी साधे बैठी है।

उन्होंने आगे कहा कि कमर्शियल गैस की भारी कमी के कारण होटल और रेस्टोरेंट उद्योग भी बुरी तरह प्रभावित हो चुका है। बाहर से आने वाले लोगों को भोजन तक उपलब्ध नहीं हो पा रहा, और जहां मिल रहा है वहां दाम आसमान छू रहे हैं। इससे छोटे व्यापारियों और कामगारों की आजीविका पर गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

आम आदमी पार्टी सक्ती के जिला अध्यक्ष ईश्वर साहू ने सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश के हजारों प्रवासी मजदूर परिवार, जिनके पास केवल एक सिलेंडर है, वे आज गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के लोग इस संकट का सबसे बड़ा शिकार बन रहे हैं। गैस एजेंसियों में शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं मिल रहा, जिससे जनता में भारी आक्रोश है।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मजबूरी में लोग लकड़ी, कोयला और अन्य पारंपरिक ईंधनों का उपयोग कर रहे हैं, जिससे न केवल स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है बल्कि पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। वहीं इलेक्ट्रिक चूल्हों के बढ़ते उपयोग से बिजली खपत में भारी वृद्धि हो रही है, जो भविष्य में बड़े ऊर्जा संकट का संकेत है।

जिला उपाध्यक्ष रोहित यादव ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस गंभीर समस्या को तत्काल संज्ञान में लिया जाए। गैस की कालाबाज़ारी पर सख्ती से रोक लगाई जाए, वितरण प्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए तथा शिकायतों के त्वरित समाधान की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो प्रदेशभर में उग्र आंदोलन किया जाएगा। पार्टी हमेशा से जनता की आवाज बनकर खड़ी रही है और इस बार भी जनता के हक के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से टिकेश्वर चंद्रा लोकसभा उपाध्यक्ष जांजगीर चांपा, ईश्वर साहू जिला अध्यक्ष, रोहित यादव जिला उपाध्यक्ष, अमर सिंह बरेठ जिला उपाध्यक्ष, बुधारु जांगड़े जिला संगठन मंत्री,मन्नू महंत जिला सचिव,अजय मनहर जिला अध्यक्ष यूथ, हलधर साहू जिला मीडिया सह प्रभारी, नरहरी बघेल जिला अध्यक्ष sc विंग,ब्लॉक अध्यक्ष द्वारिका प्रसाद चंद्रा, सालिक चंद्रा,मुन्ना मैत्री,बाबूलाल यादव, लविश धीरहे, वेदराम साहू, एवं भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित है।

Post a Comment

0 Comments